मंगलवार, 31 जुलाई 2018

जहाँ मजहब नही पहचान हो,,,

मिटाकर भेद आपस की,दिलों से दिल मिलेंगे जब !
गगन-धरती मिलेंगे फिर,कमलदल उर खिलेंगे तब !
जहाँ मजहब नही पहचान हो सबकी तिरंगे से ,
बनाएँगे नया भारत,जहाँ मिलकर रहेंगे सब !!
मापनी : 1222  1222  1222  1222

-सुनिल शर्मा"नील"
  थानखम्हरिया

सोमवार, 30 जुलाई 2018

कुछ उनकी सुनो,,

कुछ उनकी सुनो,कुछ अपनी सुनाते
चलो !
मोहब्बत के मरहम से,हर घाव मिटाते
चलो !
जिंदगी नही चलती,हर बात दिल मे
लेने से,
कुछ बातें वह भूले,कुछ तुम भी भूलाते
चलो !!

शुक्रवार, 27 जुलाई 2018

कोहिनूर बनाया गुरु ने,,,


        कोहिनूर बनाया गुरु ने,,,,
************************
जीवनपथ पर मुझे चलना सिखाया गुरु ने
जब भी भटका सदमार्ग दिखाया गुरु ने !

क्या हूँ और क्यों हूँ ज्ञात नही था मुझे
मेरे अस्तित्व का उद्देश्य बताया गुरु ने !

मैं तो कोयला था,कोई कीमत न थी मेरी
मुझे तराशकर कोहिनूर बनाया गुरु ने !

जब-जब उखड़ते थे संकटों में पग मेरे
तूफां से लड़ने का पाठ पढ़ाया गुरु ने !

सादा जीवन,सादा आहार,उच्च विचार
सादगी का हरदम मंत्र सुझाया गुरु ने !

कुछ ने अपशब्द कहे कुछ ने भूलाया उसे
पर सबको अपने हृदय में बसाया गुरु ने!
**************************
सुनिल शर्मा"नील"
थानखम्हरिया(छ. ग.)
सर्वाधिकार सुरक्षित
27/07/2018

गुरुवार, 26 जुलाई 2018

कारगिल विजय दिवस पर एक छंद

जब कारगिल को था,शत्रुओं ने हथियाया
हिंदुस्तान ने मिशन,विजय चलाया था !
चोंटीयों से लड़ रहे,पाकी घुसपैठियों को
भारतीय वीरता का,झलक दिखाया था !
गरजे थे मिग और,गरजा बोफोर्स संग
महादेव के नारों से,दुश्मन थर्राया था !
अपना भूभाग छीन,भारती के लाडलो ने
शान से माँ भारती का,ध्वज फहराया था!!

मंगलवार, 24 जुलाई 2018

जब भी प्रीत करेगा कोई,,,


~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
जब भी बरसे बूंदे बैरन,याद सताए साजन
के !
आस मिलन की मन में पाले,तड़पे बिन मनभा
-वन के!
जिसकी पीर वही है जाने,दूजा इसको क्या
समझे,
जब भी  प्रीत करेगा  कोई,गीत लिखेगा सावन के !!
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
सुनिल शर्मा"नील"
7828927284

सोमवार, 23 जुलाई 2018

जिसके कविता का आँसू से,,,


जो अपने अंतस की पीड़ा,गीत बनाकर गाता है !
जिसके कविता का आँसू से,एक अनोखा नाता है !
जिसके शब्दों में है चिंतन,अपनी माटी की खातिर ,
ऐसा कवि ही काव्यजगत में,नाम अमर कर जाता है !!

भावों की स्याही से जो,,

*******************************
अंतस की पीड़ा को अपनी,गीत बनाकर गाता है !
भावों की स्याही से जो,कागज पे कुछ लिख जाता है !
आत्माकथा का लेखांकन,जो काव्यरूप में करता है,
ऐसा मानव ही जग में,साहित्यकार कहलाता है !!
********************************